पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र योजना के अंतर्गत जागृति सप्ताह कार्यक्रम आयोजित

सीकर । पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र योजना के अंतर्गत जागृति सप्ताह कार्यक्रम के तहत महिला अधिकारिता विभाग द्वारा अंजुमन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सीकर में बालिकाओं के लिए करियर काउंसलिंग एवं जेंडर संवेदनशीलता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक राजेंद्र कुमार चौधरी के निर्देशानुसार तथा विद्यालय के प्रिंसिपल जिसान अली के समन्वय में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर केंद्र प्रबंधक नीलम कुमारी एवं रिचा पारीक ने बताया कि कैरियर काउंसलिंग और जेंडर संवेदनशीलता का आपस में गहरा संबंध है, जो बालिकाओं एवं महिलाओं को उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर चयन में सहायता प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि कैरियर का चयन महिला या पुरुष के आधार पर नहीं, बल्कि योग्यता एवं दक्षता के आधार पर होना चाहिए। महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ बिना किसी दबाव के अपने करियर का चयन करना चाहिए तथा यदि करियर चयन में किसी प्रकार की समस्या आती है तो काउंसलर की सहायता लेना लाभकारी होता है।
कार्यक्रम में समावेशी समाज के निर्माण पर भी बल दिया गया, जहां सभी को समान अवसर प्राप्त हों और करियर का निर्धारण लिंग के आधार पर नहीं, बल्कि योग्यता के आधार पर किया जाए। इस दौरान कालका (स्पैरो टीम) की कमला, किरण एवं संतोष द्वारा बालिकाओं को राजकोट सिटीजन ऐप की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबर भी साझा किए गए। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
