बिजली लाइन ठीक करते समय दर्दनाक हादसा, लाइनमैन की मौत, परिजनों ने लगाया बड़ी लापरवाही का आरोप

उदयपुर/डबोक। उदयपुर के डबोक थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। 11 KV की बिजली लाइन में आए फॉल्ट को ठीक करते समय अचानक करंट दौड़ने से एक लाइनमैन की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बिजली के पोल पर जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिससे लाइनमैन का शरीर क्षत-विक्षत होकर नीचे गिर पड़ा।

काम के दौरान अचानक चालू हुई लाइन

घटना तुलसीदासजी की सराय इलाके में शाम करीब 6:30 बजे हुई। धुनीमाता निवासी लाइनमैन शोकत शेख (42) पोल पर चढ़कर फाल्ट सुधार रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और सरपंच भेरूलाल गायरी के अनुसार, शोकत काम कर ही रहे थे कि तभी अचानक लाइन चालू हो गई। करंट की चपेट में आने से शोकत का शरीर बुरी तरह फट गया और उनका एक पैर शरीर से अलग होकर टूट गया। मौके पर मौजूद लोगों के लिए यह दृश्य रोंगटे खड़े कर देने वाला था।

परिजनों का गंभीर आरोप: बिना क्लियरेंस चालू की सप्लाई

हादसे के बाद परिजनों में भारी रोष व्याप्त है। मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शोकत शेख विधिवत 'शटडाउन' लेकर ही पोल पर चढ़े थे। इसके बावजूद बिना क्लियरेंस लिए GSS (ग्रिड सब स्टेशन) से लाइन चालू कर दी गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि विभाग ने GSS पर अनुभवहीन निजी व्यक्तियों को काम पर रखा हुआ है, जिनकी गलती की वजह से यह जानलेवा चूक हुई।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक शोकत शेख के पीछे उनका भरा-पूरा परिवार है, जिसमें उनकी पत्नी और तीन बच्चे हैं। बड़ी बेटी की उम्र 20 वर्ष है, जबकि 15 साल का बेटा और 13 साल की छोटी बेटी है। घर के मुख्य कमाने वाले सदस्य की इस तरह अचानक और दर्दनाक मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है कि आखिर किसके आदेश पर या किस तकनीकी खामी के कारण शटडाउन के दौरान लाइन चालू हुई।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455

Next Story