प्रवीण एचपी गैस ग्रामीण वितरक, दुजोद, धोद पर प्रवर्तन दल द्वारा की गई सघन जांच

सीकर, । जिला रसद अधिकारी, सीकर विजेंद्र पाल ने बताया कि खाद्य विभाग, जयपुर एवं जिला कलेक्टर आशीष मोदी के निर्देशानुसार 10 अप्रैल 2026 को जिला रसद कार्यालय के प्रवर्तन स्टाफ द्वारा प्रवीण एचपी गैस ग्रामीण वितरक, दुजोद, धोद पर सघन जांच की गई। जांच दल में जयराम गुर्जर प्रवर्तन अधिकारी, सुनीता वर्मा प्रवर्तन अधिकारी, अनुराग बैरवाल प्रवर्तन निरीक्षक एवं सुरभि मीणा प्रवर्तन निरीक्षक शामिल थे।
सम्पर्क पोर्टल एवं जिला रसद कार्यालय में लगातार उपभोक्ताओं द्वारा एजेंसी के विरुद्ध गैस सिलेंडर आपूर्ति में धांधली एवं कालाबाजारी की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। जांच के दौरान पाया गया कि बिना बुकिंग एवं बिना डिलीवरी प्राप्त किए उपभोक्ताओं के सिलेंडरों का फर्जी उठाव किया जा रहा था। जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके संबंध में खाद्य विभाग एवं संबंधित ऑयल कंपनी को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र लिखा जाएगा।
उन्होंने बताया कि समस्त गैस एजेंसियों की जांच लगातार जारी रहेगी, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। खाद्य मंत्री सुमित गोदारा के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्र में विवाह समारोह के लिए 2 व्यावसायिक गैस सिलेंडर तथा शहरी क्षेत्र में विवाह समारोह के लिए 3 व्यावसायिक गैस सिलेंडर दिए जाने का प्रावधान किया गया है। इसके लिए आवेदक को संबंधित उपखंड अधिकारी कार्यालय में तथा सीकर (शहर मुख्यालय) के लिए जिला रसद अधिकारी, सीकर को प्रार्थना पत्र, आधार कार्ड एवं विवाह निमंत्रण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
जिला कलेक्टर सीकर द्वारा पूर्व में ही विक्रय अधिकारियों के साथ बैठक कर नियमानुसार सभी उपभोक्ताओं को ओटीपी के माध्यम से ही सिलेंडर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं तथा इस संबंध में सभी गैस एजेंसियों को पाबंद किया गया है। बिना ओटीपी एवं बुकिंग के अनुरूप आपूर्ति नहीं करने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, सभी गैस एजेंसियों एवं पेट्रोल पंप धारकों को अपने कारोबार परिसर एवं गोदाम पर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला कलेक्टर द्वारा सभी उपखंड अधिकारियों एवं खाद्य विभाग के प्रवर्तन दलों को गैस एजेंसियों एवं पेट्रोल पंपों के आकस्मिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा एवं उद्योगों को पाइपलाइन कनेक्शन के लिए आवेदन करने के बाद ही व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति दी जाएगी।
पाइपलाइन गैस आपूर्ति के चीफ मैनेजर, सीकर दुष्यन्त मनी ने बताया कि पाइपलाइन गैस कनेक्शन आसानी से उपलब्ध हो रहा है तथा यह एलपीजी गैस कनेक्शन की तुलना में सस्ता है। इसमें न तो बुकिंग कराने का झंझट है और न ही आपूर्ति में बाधा। उन्होंने बताया कि पाइपलाइन गैस अब घरों के साथ-साथ होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, छात्रावास एवं स्कूलों को भी उपलब्ध कराई जा रही है।
जिला कलेक्टर द्वारा उपखंड अधिकारी के नेतृत्व में त्रिस्तरीय जांच समिति का गठन भी किया गया है, जो नियमित रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी रखेगी तथा गैस एजेंसियों की जांच करेगी। सभी अधिशासी अधिकारियों, नगरपालिकाओं एवं नगर परिषद सीकर को नगरीय क्षेत्रों के प्रमुख स्थानों पर घरेलू गैस सिलेंडर से संबंधित बुकिंग एवं शिकायत हेतु कस्टमर केयर नंबर 181, 112 एवं विभागीय हेल्पलाइन नंबर 14435 को होर्डिंग पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं तथा जिला कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जिला कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 01572-251008 है।
जिला विक्रय अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में भारत एवं राज्य सरकार के निर्देशानुसार व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति प्रारंभ कर दी गई है। जिले में घरेलू एवं व्यावसायिक सिलेंडरों की मांग एवं आपूर्ति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। जिला सीकर में घरेलू गैस सिलेंडरों की किसी प्रकार की कमी नहीं है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार से भयभीत न हों तथा अनावश्यक बुकिंग एवं घरेलू गैस सिलेंडरों का संग्रहण न करें।
