शिक्षा निदेशालय बीकानेर के शिक्षा अधिकारी रामसिंह मीणा ने लक्ष्मणगढ़ के विद्यालयों का किया अवलोकन

प्रवेशोत्सव अभियान में अभिभावकों की गई काउंसलिंग

सीकर, । शिक्षा निदेशालय बीकानेर से नियुक्त सीकर जिले के प्रवेशोत्सव प्रभारी अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी रामसिंह मीणा ने पीईईओ अलखपुरा गोदरान में प्रवेशोत्सव अभियान की प्रगति का जायजा लिया। पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार राव एवं उपप्रधानाचार्य भंवर सिंह ने प्रवेशोत्सव अभियान के दौरान आयोजित गतिविधियों से अवगत कराया।

उन्होंने प्रवेशोत्सव के दौरान फील्ड में कार्यरत सर्वे टीम के सत्यापन के तहत अभिभावक नागरमल के घर जाकर सर्वे टीम की जांच की। साथ ही विद्यालय सत्र 2025-26 में कक्षा 12 में सर्वाधिक 93.80 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विक्रम माहिच एवं सरोज, जिन्होंने इतिहास एवं हिंदी साहित्य में 100 में से 92.20 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, को सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त कक्षा 10 के कृष्ण कुमार को 89.50 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर बधाई दी।

विद्यालय व्यवस्था के अवलोकन के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके गृहकार्य की जांच की तथा अध्ययन स्तर का मूल्यांकन किया। अध्ययन व्यवस्थाओं से संतुष्ट होकर उन्होंने संस्था प्रधान की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को एकत्रित कर संबोधित किया गया तथा प्रश्नोत्तरी के माध्यम से उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।

इसके पश्चात आयोजित बैठक में उन्होंने स्टाफ को प्रवेशोत्सव अभियान के दौरान अधिक से अधिक विद्यार्थियों को विद्यालय से जोड़ने के निर्देश दिए।

इस दौरान सीबीईओ विद्याधर शर्मा एवं संदर्भ व्यक्ति सुरेश कुमार भास्कर ने भी अभियान की मॉनिटरिंग एवं सुपरविजन करते हुए ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया तथा शाला प्रवेश योग्य बच्चों के अभिभावकों एवं ग्रामीणजनों को शिक्षा विभाग की योजनाओं की जानकारी देकर सरकारी विद्यालयों में प्रवेश के लिए प्रेरित किया।

Next Story