आशीर्वाद रेजीडेंसी वेलफेयर सोसायटी ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को दिया पूर्ण समर्थन

सीकर, । नगर परिषद सीकर आयुक्त शशिकांत शर्मा को आशीर्वाद रेजीडेंसी वेलफेयर सोसायटी, प्रेम नगर, राधाकिशनपुरा (सीकर) द्वारा नगर परिषद की ओर से जोनल एवं सेक्टर मास्टर प्लान के तहत प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का स्वागत करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया है।
सोसायटी द्वारा जारी पत्र (Ref. ARWC/43/2026) में बताया गया कि नगर परिषद द्वारा 01 अप्रैल, 2026 को जारी सार्वजनिक सूचना संख्या F.(7-8)/MCS/2025/41 के अनुसार मास्टर प्लान सड़क को 60 फीट चौड़ा करने की योजना है। सोसायटी ने स्पष्ट किया कि उन्होंने पूर्व में ही निर्धारित 60 फीट क्षेत्र छोड़कर निर्माण कार्य किया हुआ है।
सोसायटी के अनुसार, यह मार्ग जोनल एवं मास्टर प्लान में शामिल एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक मुख्य मार्ग है, जो जयपुर-झुंझुनूं बाईपास को आशीर्वाद रेजीडेंसी होते हुए सीकर शहर से जोड़ता है तथा वर्षों से उपयोग में है।
आशीर्वाद रेजीडेंसी के लगभग 400 परिवारों सहित गोकुल वाटिका, गोकुल विहार, बालाजी नगर, ग्लोबल सिटी एवं समस्त राधाकिशनपुरा क्षेत्र के निवासियों ने इस निर्णय का समर्थन करते हुए कहा कि अतिक्रमण हटने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, सड़क सुरक्षा में सुधार आएगा तथा आधारभूत सुविधाओं का विकास संभव हो सकेगा।
निवासियों ने बताया कि सड़क के मध्य डिवाइडर निर्माण, नाली एवं सीवरेज लाइन की व्यवस्था तथा वृक्षारोपण जैसे कार्यों से क्षेत्र का समग्र विकास होगा और नागरिकों को बेहतर वातावरण प्राप्त होगा।
सोसायटी ने यह भी आश्वासन दिया कि यदि इस कार्य में किसी प्रकार की बाधा या आपत्ति आती है, तो वे प्रशासन के साथ खड़े रहेंगे तथा हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।
सोसायटी के पदाधिकारियों ने नगर परिषद के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है।
