सीकर से अगवा 10 साल का मासूम राजसमंद में दस्तयाब, महिला रिश्तेदार सहित दो आरोपी डिटेन

राजसमंद । सीकर जिले के गोकुलपुरा थाना क्षेत्र से रविवार सुबह अगवा किए गए 10 साल के मासूम को राजसमंद पुलिस की मुस्तैदी से सकुशल बचा लिया गया है। अपहरण की वारदात के महज 4-5 घंटे के भीतर ही पुलिस ने घेराबंदी कर राजसमंद इलाके में आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं।
घर के बाहर खेलते समय गाड़ी में आए थे किडनैपर
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह नाबालिग बच्चा अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान कार सवार आरोपी वहां पहुंचे और बच्चे को जबरन गाड़ी में डालकर फरार हो गए। पास में ही खेल रहे अन्य बच्चों ने तुरंत इस घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद हड़कंप मच गया और परिजन तुरंत गोकुलपुरा थाने पहुंचे।
उदयपुर की ओर भागने की सूचना पर राजसमंद में घेराबंदी
सीकर पुलिस ने तुरंत अलर्ट जारी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी बीच सूचना मिली कि आरोपी बच्चे को लेकर उदयपुर की तरफ जा रहे हैं। इस इनपुट पर राजसमंद पुलिस को अलर्ट किया गया। राजसमंद पुलिस ने नाकाबंदी कर संदिग्ध गाड़ी को रोका और मासूम को सुरक्षित डिटेन कर लिया। मौके से एक महिला और एक पुरुष को हिरासत में लिया गया है।
महिला रिश्तेदार ही निकली अपहरणकर्ता
शुरुआती जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि पकड़ी गई महिला आरोपी बच्चे की रिश्तेदार ही है। पारिवारिक रंजिश या अन्य किसी कारण से इस वारदात को अंजाम दिया गया है, इसका खुलासा पुलिस पूछताछ के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल सीकर पुलिस की टीम राजसमंद पहुंच रही है, जिसके बाद आरोपियों को सीकर ले जाया जाएगा।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
