राजसमंद में खूनी जमीन विवाद: 10 साल पहले धोखे से कराई थी 28 बीघा की रजिस्ट्री, लापता बुजुर्ग किसान का जंगल में मिला शव

देलवाड़ा (राजसमंद)। जिले के देलवाड़ा थाना क्षेत्र के नेगड़िया गांव में जमीन विवाद के चलते एक बुजुर्ग किसान की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तीन दिनों से लापता हीरसिंह भाटी (66) का शव रविवार देर रात जंगल में बरामद हुआ। परिजनों ने आरोप लगाया है कि भूमाफियाओं ने जमीन हड़पने के लिए बुजुर्ग का अपहरण किया और फिर उनकी हत्या कर दी।
एक बीघा के बदले हड़प ली 28 बीघा जमीन
मृतक के पुत्र डूंगरसिंह ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि करीब 10 साल पहले उनके पिता ने केवल एक बीघा जमीन बेची थी। लेकिन खरीददारों ने धोखाधड़ी करते हुए पूरी 28 बीघा जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करवा ली। इस फर्जीवाड़े का पता परिजनों को 4 महीने पहले चला। जब इस संबंध में आरोपियों से बात की गई, तो उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करने के बहाने बुलाया और राज खोलने पर जान से मारने की धमकी दी। तभी से हीरसिंह डरे हुए थे और चार दिन पहले गांव आने के बाद अचानक लापता हो गए।
सरपंच ने लगाए भूमाफियाओं पर आरोप, मुआवजे की मांग
लाल मादड़ी सरपंच बलवीर सिंह ने घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में भूमाफिया सक्रिय हैं और यह हत्या उसी का परिणाम है। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। मौके पर पहुंची एफएसएल (FSL) टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और शव का पोस्टमार्टम नाथद्वारा मॉर्च्युरी में मेडिकल बोर्ड से करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
देलवाड़ा थाना प्रभारी भंवरलाल ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट पर हिम्मत सिंह सहित 5 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस संदिग्धों की तलाश में दबिश दे रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
