सीएम भजनलाल शर्मा का बड़ा एलान:: राजस्थान में 1.25 लाख नई सरकारी भर्तियों की घोषणा, 300 नई रोडवेज बसें भी आएंगी

जयपुर | राजस्थान विधानसभा में शुक्रवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 'राजस्थान वित्त एवं विनियोग विधेयक-2026' पर चर्चा का जवाब देते हुए युवाओं और प्रदेशवासियों के लिए सौगातों की बौछार कर दी। मुख्यमंत्री ने सदन में सरकारी पदों पर नई भर्तियों को लेकर बड़ा एलान करते हुए 1.25 लाख पदों पर भर्ती कैलेंडर जारी करने की घोषणा की। सीएम ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार प्रदेश में कुल 4 लाख भर्तियों के संकल्प को पूरा करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

भर्तियों का अंबार: 1 लाख की जगह अब 1.25 लाख पदों पर होगा चयन

मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि वर्तमान में प्रदेश में 1.43 लाख भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। पूर्व में घोषित 1 लाख भर्तियों के कैलेंडर में विस्तार करते हुए उन्होंने कहा, 'अब मैं 1 लाख की जगह 1.25 लाख पदों पर भर्ती कैलेंडर जारी करने की घोषणा करता हूं।' सीएम के इस एलान के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे प्रदेश के लाखों युवाओं में हर्ष की लहर दौड़ गई है।

आवागमन और आदिवासियों के लिए सौगात

प्रदेश की परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सीएम ने 300 नई रोडवेज बसें खरीदने की घोषणा की। इसके साथ ही, सामाजिक सरोकार निभाते हुए उन्होंने 5000 आदिवासी युवाओं को स्वयं का उद्योग स्थापित करने के लिए ब्याज मुक्त ऋण (Interest-Free Loan) देने का भी एलान किया, जिससे आदिवासी क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

विपक्ष पर प्रहार और 2047 का विजन

सदन में चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने अपने दो साल के कार्यकाल की तुलना पूर्ववर्ती सरकार के पांच वर्षों से करते हुए विकास की गति को तेज बताया। सीएम ने कहा कि सरकार भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर 20-30 वर्षों की दीर्घकालिक योजनाएं बना रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य का जिक्र करते हुए विश्वास जताया कि राजस्थान इस संकल्प को पूरा करने में देश का प्रमुख 'ग्रोथ इंजन' बनेगा।

Next Story