मिशन एडमिशन: राजस्थान के महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में इस बार मार्च में ही शुरू होगी प्रवेश प्रक्रिया, 14 मार्च से आवेदन

बीकानेर । राजस्थान के सरकारी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में अपने बच्चों को पढ़ाने का सपना देख रहे अभिभावकों के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों (MGES) और अन्य राजकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया का 'टाइम फ्रेम' घोषित कर दिया है। इस बार नया सत्र 1 अप्रैल से शुरू होने के कारण, प्रवेश प्रक्रिया पिछले साल के मुकाबले दो महीने पहले ही शुरू की जा रही है। प्रदेश भर के 3737 महात्मा गांधी स्कूलों में प्रवेश के लिए आवेदन 14 मार्च से लिए जाएंगे।
12वीं बोर्ड परीक्षा के बाद खुलेगा पोर्टल
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं 11 मार्च को समाप्त होंगी। बोर्ड परीक्षाओं और होम एग्जाम्स को ध्यान में रखते हुए, प्रवेश की प्रक्रिया 11 मार्च के बाद ही शुरू की जाएगी। अभिभावकों को ऑनलाइन आवेदन करने के लिए 10 दिन का समय दिया गया है। आवेदन की प्रक्रिया शाला दर्पण पोर्टल या स्कूलों द्वारा जारी क्यूआर कोड (QR Code) के माध्यम से की जा सकेगी।
प्रवेश का शेड्यूल और लॉटरी प्रक्रिया
घोषित समय-सारणी के अनुसार, अभ्यर्थी 14 मार्च से 23 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। यदि किसी स्कूल में निर्धारित सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो पारदर्शी तरीके से लॉटरी प्रक्रिया अपनाकर विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। लॉटरी 25 मार्च को निकाली जाएगी और चयनित विद्यार्थियों की सूची जारी की जाएगी। नया शिक्षण सत्र 1 अप्रैल 2026 से विधिवत रूप से शुरू हो जाएगा।
हजारों सीटें रिक्त, ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ा मौका
बता दें कि प्रदेश में संचालित 3737 महात्मा गांधी स्कूलों में लगभग 6.81 लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। शिक्षा विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें से अनेक स्कूलों में 50 प्रतिशत से अधिक सीटें रिक्त हैं, जिन्हें भरने के लिए यह प्रक्रिया शुरू की जा रही है। विशेषकर ब्लॉक और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित स्कूलों में नामांकन काफी कम है। उदाहरण के लिए, बीकानेर जिले में 171 महात्मा गांधी स्कूलों में से कई ग्रामीण स्कूलों में नामांकन 50 से भी कम है, जबकि शहरी क्षेत्र के मुरलीधर व्यास नगर स्कूल में सबसे अधिक 679 विद्यार्थी हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों के अभिभावकों के लिए यह एक सुनहरा मौका है। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को पाबंद किया है कि वे प्रवेश प्रक्रिया के दौरान सरकारी गाइडलाइन का पूरी तरह पालन करें और अभिभावकों को आवेदन में आवश्यक सहयोग प्रदान करें।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
