जयपुर: महेश नगर में शराब ठेके पर बवाल, पुलिस के सामने फूंकी बाइक; 14 हिरासत में

जयपुर। राजधानी के महेश नगर थाना क्षेत्र स्थित करतारपुरा नाले के पास रविवार रात अवैध शराब बिक्री को लेकर जमकर हंगामा हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि उग्र भीड़ ने पुलिस की मौजूदगी में ही एक मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया, जबकि कई अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में 14 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
देर रात तक शराब बिक्री का विरोध
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना रविवार देर रात की है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि करतारपुरा नाले के पास स्थित शराब ठेके पर निर्धारित समय (रात 8 बजे) के बाद भी अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी। देर रात तक शराबियों के जमावड़े और अवैध बिक्री से परेशान होकर कॉलोनीवासियों ने विरोध जताया। देखते ही देखते बहसबाजी मारपीट और पथराव में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विवाद बढ़ने पर ठेका संचालक पक्ष ने अन्य लोगों को बुला लिया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी
आक्रोशित लोगों और ठेका पक्ष के बीच हुए इस संघर्ष में इलाके में अफरा-तफरी मच गई। उपद्रवियों ने सड़क पर खड़ी एक स्कॉर्पियो और तीन बाइकों में जमकर तोड़फोड़ की। हद तो तब हो गई जब पुलिस के मौके पर पहुंचने के बावजूद उपद्रवियों ने एक बाइक को आग लगा दी। आग की लपटें देख आसपास के घरों से लोग बाहर निकल आए और पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
घायल को अस्पताल ले जाने से रोका
झगड़े के दौरान दीपक वाटिका निवासी रामअवतार सैनी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस बुलाई, लेकिन आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर एंबुलेंस का रास्ता रोक लिया। काफी देर तक समझाइश और सख्त रुख अपनाने के बाद पुलिस ने एंबुलेंस को रवाना करवाकर घायल को अस्पताल भिजवाया। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है और पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा। फोन: 7737741455.
