अवैध ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़, 2 करोड़ से अधिक की ड्रग्स बरामद

जोधपुर। राजस्थान में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और जोधपुर पुलिस ने एक पॉश सोसाइटी में चल रही अवैध ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मौके से अंतरराष्ट्रीय बाजार में 2 करोड़ रुपए से अधिक कीमत की तैयार ड्रग्स, नशीली गोलियां और भारी मात्रा में केमिकल बरामद किए गए।
पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर फ्लैट पर छापा मारकर इस नेटवर्क का खुलासा किया। कार्रवाई एडीजी दिनेश एमएन के निर्देशन में एसपी ज्ञानचंद यादव और एएसपी नरोत्तम वर्मा की निगरानी में की गई।
जांच में सामने आया कि यहां बड़े स्तर पर सिंथेटिक ड्रग्स बनाने की तैयारी चल रही थी। इससे पहले बनाड़ क्षेत्र में एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस नेटवर्क का खुलासा हुआ था, जहां से 3 किलो एमडी ड्रग्स और 55 किलो केमिकल भी बरामद किए गए थे।
पूछताछ में सामने आया कि इस गिरोह का मुख्य सरगना भरत विश्नोई उर्फ लक्की है, जो फरार है। पुलिस के अनुसार बरामद केमिकल से करीब 60 किलो तक एमडी ड्रग्स तैयार की जा सकती थी।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
