खाटूश्याम बाबा के पट 24 घंटे खुले रहेंगे: 21 से 28 फरवरी तक चलेगा मेला, बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु

सीकर । विश्व प्रसिद्ध बाबा श्याम का वार्षिक लक्खी मेला अब परवान पर है। विशेष तिलक और सेवा-पूजा के बाद गुरुवार शाम को मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। अब फाल्गुनी मेले के संपन्न होने तक बाबा श्याम के दरबार के कपाट भक्तों के लिए 24 घंटे खुले रहेंगे।
मेले का कार्यक्रम और व्यवस्थाएं:
लक्खी मेला: बाबा श्याम का वार्षिक लक्खी मेला 21 फरवरी से शुरू होकर 28 फरवरी (फाल्गुन शुक्ल पक्ष की बारस) तक चलेगा।
दर्शन व्यवस्था: श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर कमेटी ने 24 घंटे दर्शन सुचारु रखने का निर्णय लिया है।
तिलक श्रृंगार: विशेष सेवा-तिलक के कारण 18 फरवरी की रात 10 बजे से पट बंद थे, जो गुरुवार शाम को विधिवत श्रृंगार के बाद खोले गए।
श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब:
पट खुलते ही खाटू नगरी 'जय श्री श्याम' के जयकारों से गूंज उठी। तिलक श्रृंगार के बाद बाबा के अलौकिक दर्शनों के लिए दूर-दराज से पहुंचे भक्तों में भारी उत्साह देखा गया। रंग-बिरंगे फूलों से सजे बाबा श्याम की एक झलक पाने के लिए भक्त सुबह से ही लंबी लाइनों में लगे रहे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम:
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर कमेटी के गार्ड और भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। श्रीश्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए हर संभव इंतजाम किए जा रहे हैं।
