फायरिंग रेंज में अभ्यास सत्र के दौरान फटा मोर्टार बम, 3 जवान घायल

जैसलमेर पोकरण स्थित लाठी फील्ड फायरिंग रेंज में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। बीएसएफ (बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स) के जवानों के साथ अभ्यास के दौरान मोर्टार बम फटने से तीन जवान घायल हो गए। तीनों घायल जवानों को तुरंत पोकरण के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके बाद BSF के अधिकारी और अन्य जवान मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है इनमें से दो जवानों की हालत गंभीर है, वहीं एक खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, तीनों जवान बीएसएफ के ट्रेनी थे और नियमित अभ्यास सत्र के दौरान यह दुर्घटना हुई। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, घायल जवानों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। घायल जवानों के नाम उदय, सुविमल और अभिषेक बताए जा रहे हैं।

बता दें जैसलमेर के पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में ऐसे हादसे कम ही होते हैं, लेकिन इस घटना के बाद सुरक्षा मानकों पर फिर से चर्चा हो रही है। अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं, ताकि हादसे के असल कारणों का पता लगाया जा सके।

Next Story