प्रतापगढ़: तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को रौंदा, पति-पत्नी समेत 3 की दर्दनाक मौत; एक मृतक के घर कल ही जन्मा था बेटा

प्रतापगढ़। जिले के सुहागपुरा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। चित्तौड़गढ़-बांसवाड़ा नेशनल हाईवे 56 पर कचोटिया गांव के पास मुर्गियों से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी और उनके एक मित्र की मौत हो गई। हृदयविदारक बात यह है कि मृतकों में शामिल एक युवक के घर महज एक दिन पहले ही बेटे का जन्म हुआ था।
लोन की जानकारी लेकर लौट रहे थे घर
सुहागपुरा थाना अधिकारी मनीष वैष्णव ने बताया कि पीपलखूंट के डूंगला वाणी निवासी जीवन मीणा (40), उनकी पत्नी चंपा (37) और मित्र गुड्डू मीणा (26) एक ही बाइक पर सवार होकर प्रतापगढ़ शहर से समूह लोन की जानकारी लेकर अपने गांव लौट रहे थे। दोपहर करीब 2:30 बजे बांसवाड़ा से प्रतापगढ़ की ओर जा रही मुर्गियों से भरी पिकअप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप हाईवे से नीचे उतरकर खेत में पलट गई।
अस्पताल में तोड़ा दम, ड्राइवर रेफर
हादसे के बाद पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों और पिकअप ड्राइवर असलम खान (30, निवासी मंदसौर) को जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान जीवन, चंपा और गुड्डू ने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल ड्राइवर असलम को प्राथमिक उपचार के बाद मध्य प्रदेश के मंदसौर रेफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि असलम प्रतापगढ़ क्षेत्र में मुर्गियां सप्लाई करने का काम करता है।
खुशियों के बीच पसरा मातम
मृतकों में शामिल एक युवक के घर शनिवार को ही बेटे के जन्म की किलकारी गूंजी थी, लेकिन रविवार को उसकी मौत की खबर ने परिवार को झकझोर कर रख दिया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
