जैसलमेर: दिल्ली जा रही बस में अचानक लगी आग, चालक की सूझबूझ से बची 30 यात्रियों की जान

जैसलमेर: दिल्ली जा रही बस में अचानक लगी आग, चालक की सूझबूझ से बची 30 यात्रियों की जान
X


जैसलमेर। स्वर्ण नगरी जैसलमेर से दिल्ली के लिए रवाना हुई एक निजी ट्रेवल्स की बस में गुरुवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। जोधपुर रोड पर डेजर्ट टुलिप होटल के सामने हुई इस घटना में समय रहते बस रुक जाने से एक बड़ा हादसा टल गया और बस में सवार सभी 30 से अधिक यात्री सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।

साइलेंसर से उठा धुआं, राहगीरों ने मचाया शोर

जानकारी के अनुसार, गजराज ट्रेवल्स की बस दोपहर में जैसलमेर से दिल्ली के लिए निकली थी। होटल डेजर्ट टुलिप के पास पहुंचते ही बस के साइलेंसर और अगले हिस्से से अचानक तेज धुआं निकलने लगा। सड़क किनारे खड़े राहगीरों ने जब बस के नीचे से लपटें उठती देखीं, तो तुरंत शोर मचाकर ड्राइवर को आगाह किया।

ड्राइवर की सतर्कता और यात्रियों में अफरा-तफरी

राहगीरों की चेतावनी मिलते ही चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोक दिया। बस रुकते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और डर के मारे सभी यात्री आनन-फानन में नीचे उतर गए। देखते ही देखते धुएं ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया था, लेकिन गनीमत रही कि कोई भी यात्री हताहत नहीं हुआ।

दमकल ने 10 मिनट में पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मी भैरूदान के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 10 मिनट के भीतर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण साइलेंसर में आई तकनीकी खराबी और अत्यधिक गर्मी को माना जा रहा है।

यात्रियों को दूसरी बस से किया रवाना

हादसे में बस के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद यात्रियों में कुछ समय तक दहशत का माहौल रहा, जिसे देखते हुए ट्रेवल एजेंसी ने तुरंत दूसरी बस की व्यवस्था की और सभी यात्रियों को दिल्ली के लिए रवाना किया।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455

Next Story