सांवरा सेठ के खजाने में बरसे करोड़ों: 35 करोड़ से अधिक का चढ़ावा, आस्था के आगे सोने-चांदी की कीमतें भी फीकी

चित्तौड़गढ़/मंडफिया | मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्ण धाम श्री सांवलियाजी मंदिर में दानपात्र (भंडार) की गणना का कार्य शुक्रवार को छठे और अंतिम राउंड के साथ संपन्न हो गया। इस बार भगवान सांवरा सेठ के दरबार में भक्तों ने दिल खोलकर चढ़ावा अर्पण किया है, जिसने पिछले कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
कुल 35.40 करोड़ की प्राप्ति
अंतिम राउंड की गिनती के बाद मंदिर मंडल ने आंकड़ों की पुष्टि की है। इस बार मंदिर भंडार, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, चेक और मनी ऑर्डर के जरिए कुल 35 करोड़ 40 लाख 93 हजार 313 रुपए प्राप्त हुए हैं। यह राशि भक्तों की अटूट श्रद्धा का जीवंत उदाहरण है।
रिकॉर्ड स्तर पर सोना-चांदी का दान
मंदिर मंडल के सदस्य पवन तिवारी ने जानकारी दी कि वर्तमान में सोने और चांदी के भाव रिकॉर्ड ऊंचाइयों पर होने के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में रत्ती भर भी कमी नहीं आई है।
सोना: लगभग 90 लाख रुपए की कीमत का स्वर्ण दान में मिला।
चांदी: करीब 2 करोड़ 80 लाख रुपए की चांदी अर्पित की गई।
कुल भेंट: केवल सोने-चांदी के रूप में ही लगभग 3 करोड़ 70 लाख रुपए का चढ़ावा आया है।
मंदिर, धार्मिक उत्सव और क्षेत्र की कानून व्यवस्था से जुड़ी हर बड़ी और ताजा खबरों के लिए जुड़े रहें भीलवाड़ा हलचल के साथ। समाचार भेजें 9829041455 पर।
