हत्याकांड: 4 दिन बाद मुख्य आरोपी श्यामसुंदर गिरफ्तार, 80 लाख की सहायता पर बनी सहमति, शांत हुआ जनाक्रोश

बीकानेर । बीकानेर जिले के कोलायत क्षेत्र में चार दिन पूर्व एक नाबालिग बच्ची का शव मिलने के बाद फैला तनाव मंगलवार को मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के साथ शांत हो गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत और भारी दबाव के बीच मुख्य आरोपी को दबोच लिया, जिसके बाद परिजन पोस्टमार्टम और शव उठाने के लिए राजी हुए।

10 टीमों ने दी दबिश, आरोपी श्यामसुंदर चढ़ा हत्थे

नाबालिग की संदिग्ध मौत के बाद आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर क्षेत्र में लगातार धरना-प्रदर्शन जारी था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने 10 विशेष टीमों का गठन किया था। मंगलवार सुबह पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली और कोलायत निवासी आरोपी श्यामसुंदर को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही पिछले चार दिनों से धरने पर बैठे ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा शांत हुआ।

प्रशासन के साथ वार्ता सफल, पोस्टमार्टम पर बनी सहमति

आरोपी के पकड़े जाने के बाद प्रशासन और पीड़ित पक्ष के बीच लंबी वार्ता हुई। इस दौरान पीड़ित परिवार को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता दिलाने और न्याय सुनिश्चित करने पर सकारात्मक सहमति बनी। वार्ता सफल होने के बाद परिजनों ने नाबालिग बच्ची के पोस्टमार्टम की अनुमति दी, जिसके बाद चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी की गई।

भामाशाहों ने पेश की मिसाल, 80 लाख रुपये जुटाए

इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार की मदद के लिए समाजसेवियों और भामाशाहों ने दिल खोलकर हाथ बढ़ाया है। जानकारी के अनुसार, अब तक विभिन्न संगठनों और दानदाताओं के सहयोग से करीब 80 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि एकत्रित की जा चुकी है। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

Next Story