सस्ते सोने का झांसा देकर 40 लाख की ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार

पाली। बाजार भाव से सस्ते में सोना दिलाने का झांसा देकर दो कारोबारियों से 40 लाख रुपए की ठगी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर ठगी की रकम बरामद करने का प्रयास कर रही है और पुलिस की वर्दी में आए अन्य लोगों की भी तलाश जारी है।
सदर थानाप्रभारी कपूराराम के अनुसार, बालोतरा जिले के धोरीमन्ना निवासी सुरेश पुत्र अर्जुनराम ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। शिकायत में बताया कि रमेश नाम के युवक ने उन्हें बाजार से सस्ता सोना दिलाने का लालच दिया और 18 मार्च को पाली के मानपुरा भाकरी रोड पर बुलाया।
वहां पीड़ितों से 40 लाख रुपए लेकर एक युवक को उनकी कार में बैठाया गया और कहा गया कि उसके पास सोना है, जांच कर लें। इसी दौरान मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया। जब पीड़ित सोना जांच ही रहे थे, तभी बुलेट बाइक पर पुलिस की वर्दी में दो व्यक्ति पहुंचे और कार में बैठे युवक को तस्कर बताते हुए सोना और बैग अपने साथ ले गए। साथ ही पीड़ितों से कहा कि आरोपी को जेल भेजा जाएगा और उन्हें गवाही देनी होगी।
बाद में पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने सदर थाने में मामला दर्ज करवाया।
पुलिस ने मामले की जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें पाली के शेखावत नगर निवासी बाबूलाल उर्फ लगड़ा (23), आशापुरा स्कूल क्षेत्र निवासी रमेश कुमार (30) और राजसमंद जिले के बरार (भीम) निवासी मुंगासिंह (28) शामिल हैं। आरोपियों को पकड़ने में कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह की अहम भूमिका रही।
थानाप्रभारी ने बताया कि अब रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि पुलिस की वर्दी में आकर वारदात को अंजाम देने वाले अन्य आरोपी कौन थे। उनकी पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
भीलवाडा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए समाचार प्रेम कुमार गढवाल Email - [email protected]
व्हाट्सएप - 9829041455 विज्ञापन - विजय गढवाल 6377364129 सम्पर्क - भीलवाडा हलचल कलेक्ट्री रोड,नई शाम की सब्जी मंडी भीलवाडा
