स्कूल में मासूम पर काल बनकर गिरी दीवार, खेल रही 5 वर्षीय छात्रा की दर्दनाक मौत

जालोर । जिले के सायला थाना क्षेत्र के बावतरा गांव से एक बेहद हृदयविदारक खबर सामने आई है। यहाँ के 'मरुधर शिक्षण संस्थान उच्च माध्यमिक विद्यालय' में शुक्रवार दोपहर हुए एक भीषण हादसे ने एक मासूम छात्रा की जिंदगी छीन ली। स्कूल परिसर में खेल रही 5 वर्षीय प्रीति कुमारी पर अचानक दीवार का हिस्सा गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

खेलते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मृतका प्रीति कुमारी (5), जो कक्षा प्रथम में पढ़ती थी, मूलतः बालोतरा जिले के असाडा की निवासी थी। शुक्रवार दोपहर वह स्कूल में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान क्लास में फाइबर ईंटों के सहारे रखा एक भारी बोर्ड और दीवार का हिस्सा अचानक भरभरा कर गिर गया। मासूम प्रीति मलबे के नीचे बुरी तरह दब गई और उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें

हादसे के बाद स्कूल में चीख-पुकार मच गई। स्टाफ ने आनन-फानन में बच्ची को मलबे से बाहर निकाला और सायला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सायला थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया।

स्कूल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप

मासूम की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रशासन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जर्जर निर्माण या अस्थाई ढांचे को पहले ही ठीक कर लिया जाता, तो आज एक मासूम की जान नहीं जाती। करीब 350 बच्चों वाले इस उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुए हादसे के बाद प्रशासन ने भवन की स्थिति की जांच शुरू कर दी है।

Next Story