भीषण सड़क हादसा: दादा-पोते की मौके पर ही मौत, 5 गंभीर घायल

उनियारा । दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सोमवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने एक ही परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। लाखेरी के पास उडावड़ा गांव में एक विवाह समारोह से लौट रहे परिवार की गाड़ी एक्सप्रेसवे पर लगे मिट्टी के ढेर से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में परिवार के दो सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

विवाह समारोह से लौट रहा था परिवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उनियारा के पचाला निवासी धारा सिंह मीणा अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर रास्ता बंद करने के लिए लगाए गए मिट्टी के ढेर और बैरिकेडिंग का चालक को समय पर आभास नहीं हो सका। तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर सीधे मिट्टी के ढेर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

दादा और 16 वर्षीय पोते ने गंवाई जान

इस दर्दनाक हादसे में 60 वर्षीय रामफूल मीणा और उनके 16 वर्षीय पोते आकाश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गनीमत रही कि गाड़ी का एयरबैग समय पर खुल गया, जिससे चालक धारा सिंह की जान बच गई। पुलिस और राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

गंभीर घायल जयपुर रेफर

हादसे में कमलेश देवी और एक अन्य बुजुर्ग परिजन रामफूल (70) सहित कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जयपुर रेफर कर दिया है, जहां उनका सघन उपचार जारी है। पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Next Story