चेतावनी: राजस्थान में अब 5 दिन तेज शीतलहर

राजस्थान में अब  5 दिन तेज शीतलहर
X

भीलवाड़ा (हलचल) भीलवाड़ा जिले में ठंड का प्रकोप पड़ता ही जा रहा है और न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री तक पहुंच गया है इस बीच प्रदेश में अगले 5 दिनों तक लेयर की चेतावनी दी गई है जिससे तापमान के और गिरने की संभावना है।

भीलवाड़ा में जहां न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु के नजदीक पहुंच रहा है वहीं दिन के समय तेज गर्मी का एहसास भी हो रहा है। खेतों में सिंचाई करने वाले किसानों की स्थिति सर्दी के चलते और भी ज्यादा खराब है।

बीते 24 घंटों में प्रदेश के तापमान की स्थिति

प्रदेश में बीते 24 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की स्थिति इस प्रकार रही। सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 28.6 डिग्री रहा व न्यूनतम तापमान फतेहपुर में माइनस 1.2 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के कई इलाकों में अति शीतलहर व शीतलहर दर्ज की गई है। राज्य में न्यूनतम तापमान माइनस 1.2 डिग्री से 10 डिग्री के बीच रहा। इसमें 14 शहरों में पारा 5 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। सीकर में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री, चूरू में 1.6 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 3.4 डिग्री, पिलानी में 2.6 डिग्री, अलवर में 4 डिग्री, भीलवाड़ा में 2.2 डिग्री, बीकानेर में 4.8 डिग्री, माउंट आबू में 1.2 डिग्री, अंता-बारां में 4.5 डिग्री, संगरिया में 2.6 डिग्री, सिरोही में 2.6 डिग्री तथा करौली में 3.2 डिग्री रहा।

मौसम का तीसरा रंग दिखाने को तैयार राजस्थान वासी

प्रदेशवासियों को इस साल मौसम ने तीनों बड़े रंग दिखा दिए हैं। एक तरफ गर्मी के मौसम में दशकों बाद पारा 50 डिग्री से ऊपर पहुंचा और बीकानेर में गर्मी ने 102 साल का रिकॉर्ड तोड़ा, वहीं मानसून में अतिवृष्टि हुई और करीब 116 साल बाद राजस्थान में इतनी बारिश देखने को मिली। अब सर्दी का मौसम भी नए रिकॉर्ड बनाने के लिए तैयार है। दिसंबर में ही प्रदेश का पारा माइनस में पहुंच गया है। सीकर के फतेहपुर में बीते 3 दिन से न्यूनतम तापामन माइनस में चल रहा है। बीते 24 घंटों में यहां न्यूनतम तापमान माइनस 1.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश के 14 शहर ऐसे हैं, जहां पारा 5 डिग्री या इससे भी नीचे है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश में अगले 5 दिन अति शीतलहर चलेगी। इसमें सीकर को ऑरेंज श्रेणी में डाला गया है। शीतलहर के साथ यहां फसलों में पाले लगने की भी चेतावनी दी गई है।

Tags

Next Story