नकली घी के अवैध कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार: 500 किलो नकली घी बरामद, आरोपी गिरफ्तार

निवाई (टोंक)। टोंक जिले के निवाई क्षेत्र में आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर चलाए जा रहे नकली देशी घी के काले कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। जिला स्पेशल टीम (DST) ने गुरुवार को एक मकान पर दबिश देकर 500 किलो से अधिक नकली देशी घी, भारी नकदी और एक कार जब्त की है। इस कार्रवाई से इलाके के मिलावटखोरों और व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।

नामी ब्रांडों के नाम पर खपाया जा रहा था जहर

पुलिस ने इस मामले में आरोपी मीठालाल गुर्जर (40) पुत्र पूरणमल गुर्जर, निवासी काली का बाग रोड, निवाई को गिरफ्तार किया है। आरोपी नामी कंपनियों के लेबल और पैकिंग का दुरुपयोग कर बाजार में नकली घी की सप्लाई करता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई के लिए निवाई थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।

सरस डेयरी की टीम ने की जांच, दर्ज कराई FIR

छापेमारी के दौरान मौके पर भारी मात्रा में 'सरस' ब्रांड के नाम से पैक नकली घी मिला। सूचना मिलते ही टोंक डेयरी के प्रबंध संचालक विष्णु प्रकाश शर्मा और विपणन प्रभारी सुरेंद्र सैनी सहित विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची। जांच में घी के नकली होने की पुष्टि होने पर डेयरी अधिकारियों ने आरोपी के विरुद्ध निवाई थानाधिकारी घासीराम को विभिन्न धाराओं में एफआईआर सौंपी है।

जयपुर डेयरी की टीम भी पहुंची मौके पर

टोंक डेयरी एमडी विष्णु प्रकाश शर्मा ने बताया कि कार्रवाई के दौरान जयपुर सरस डेयरी का मार्का भी बरामद हुआ है। इसकी सूचना तत्काल जयपुर डेयरी के उच्चाधिकारियों को दी गई, जिसके बाद जयपुर से भी एक विशेष टीम निवाई पहुंची। जयपुर डेयरी की टीम ने भी आरोपी के खिलाफ अलग से पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Next Story