प्रेम प्रसंग - झगड़े में एक की मौत, दस घायल

प्रेम प्रसंग के चलते हुए झगड़े में एक जने की मौत हो गई, वहीं दस जने घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घटना बुधवार रात दूदू थाना क्षेत्र के गैजी ग्राम पंचायत के आमा की ढाणी में हुई। जहां के युवक रमेश कुमार का नरैना थाना क्षेत्र की महिला से प्रेम प्रसंग था। इसके चलते दोनों ने शादी कर ली थी। दोनों ही बावरिया समाज से थे। इससे लड़की के परिजन नाराज थे।

इसी बात को लेकर बुधवार रात करीब 8.30 बजे 10 से 12 लोग जीप में सवार होकर आमा की ढाणी पहुंचे और लड़की को वापस ले जाने की बात पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। जिसने थोड़ी ही देर में उग्र रूप ले लिया। वहीं कुछ ही देर में दोनों पक्षों में हुई कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। जिसमें लगभग 12 से अधिक लोग घायल हो गए। खूनी संघर्ष में सोलावता थाना नरैना निवासी हरदेव बावरिया गंभीर रूप घायल हो गया। जिसे पुलिस ने दूदू उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जयपुर सवाई मानसिंह अस्पताल के लिए रैफर कर दिया। जहां उसकी देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई।

हत्या का मामला दर्ज

दूदू थानाधिकारी इन्द्र प्रकाश यादव ने सोलावता थाना नरैना निवासी हरदेव (60) पुत्र गणपति बावरिया का जयपुर एसएमएस अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। दूदू पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। मामले की जांच दूदू थाना अधिकारी कर रहे है।

पिछले सप्ताह ही की थी लव मैरिज

युवक रमेश कुमार और उसकी प्रेमिका के बीच कई दिनों से बातचीत चल रही थी। दोनों ने परिवार के खिलाफ जाकर पिछले सप्ताह लव मैरिज कर ली। लड़की के परिजन इस रिश्ते से नाराज होकर बीती रात 10-12 लोग जीप में सवार होकर आमा की ढाणी पहुंचे और लड़की को वापस ले जाने की कोशिश की। इससे बात बिगड़ गई और लड़के व लड़की के परिजनों में बढ़ा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।

Next Story