गरीब प्रेस वाले को आयकर विभाग का 598 करोड़ का नोटिस: पैन कार्ड खोने पर शातिर ने सूरत में खोला फर्जी खाता

गरीब प्रेस वाले को आयकर विभाग का 598 करोड़ का नोटिस: पैन कार्ड खोने पर शातिर ने सूरत में खोला फर्जी खाता
X


अजमेर। लोगों के कपड़े प्रेस करके अपना गुजारा करने वाले एक गरीब व्यक्ति के होश उस वक्त उड़ गए, जब आयकर विभाग ने उसे 598 करोड़ रुपये का टैक्स नोटिस थमा दिया। अजमेर के गंज थाना क्षेत्र का यह मामला न केवल चौंकाने वाला है, बल्कि डिजिटल युग में पहचान की चोरी (Identity Theft) के खतरों को भी उजागर करता है।

पैन कार्ड का दुरुपयोग कर बनाया 'हीरा व्यापारी'

जानकारी के अनुसार, पीड़ित जितेंद्र कुमार का पैन कार्ड कुछ समय पहले कहीं खो गया था। इस कार्ड का दुरुपयोग करते हुए पाली निवासी शत्रुघ्न सिंह नामक युवक ने सूरत (गुजरात) के क्यूरा व्यासा बैंक में जितेंद्र के नाम से एक फर्जी बैंक खाता खुलवा लिया। शातिर आरोपी ने जितेंद्र को कागजों में एक बड़ा हीरा कारोबारी दिखाया और इसी खाते के जरिए मात्र 3 महीने के भीतर 400 से 500 करोड़ रुपये का भारी-भरकम लेनदेन कर डाला।

नोटिस मिलते ही परिवार सदमे में

जैसे ही आयकर विभाग का 598 करोड़ रुपये का नोटिस जितेंद्र के घर पहुँचा, परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। जितेंद्र ने तुरंत अपने वकील राकेश हाड़ा से संपर्क किया। वकील ने जब आयकर विभाग और सूरत में मामले की पड़ताल की, तो पता चला कि एक फर्जी फर्म के जरिए करोड़ों का व्यापार दिखाया गया है।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, बैंक को नोटिस

इस मामले में जितेंद्र की ओर से अजमेर के गंज थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई है। साथ ही, सूरत के उस बैंक को भी कानूनी नोटिस भेजा गया है, जहाँ बिना सही वेरिफिकेशन के यह फर्जी खाता खोला गया था। फिलहाल, करोड़ों के इस कथित लेनदेन के फर्जीवाड़े ने एक गरीब परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

Next Story