पाली: सुमेरपुर थाने के बाथरूम में एसिड पीने वाले युवक की मौत, मुआवजे की मांग पर अड़े परिजनों को प्रशासन ने मनाया
पाली। सुमेरपुर सदर थाना परिसर में करीब 15 दिन पूर्व बाथरूम में रखे एसिड का सेवन करने वाले युवक ने आखिरकार दम तोड़ दिया। पालनपुर (गुजरात) के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान 1 मार्च की शाम उसकी मौत हो गई। मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों के कड़े विरोध के बीच मंगलवार सुबह शव का अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।
गुमशुदगी और थाने में गहमागहमी का मामला
जानकारी के अनुसार, मामला 3 नवंबर 2025 को दर्ज हुई एक विवाहिता की गुमशुदगी से जुड़ा है। 14 फरवरी को पुलिस ने युवती और उसे साथ ले जाने वाले सिरोही जिले के शिवगंज क्षेत्र के युवक को दस्तयाब कर थाने लाया था। थाने में दोनों पक्षों के बीच चल रही पूछताछ के दौरान विवाहिता ने अपने माता-पिता के साथ जाने की इच्छा जताई। इसी घटनाक्रम के बीच युवक ने थाना परिसर के बाथरूम में जाकर वहां रखे एसिड का सेवन कर लिया था, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई थी।
मुआवजे की मांग पर अड़े रहे ग्रामीण
युवक की मौत के बाद 2 मार्च को जब शव सुमेरपुर पहुँचा, तो परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने सुमेरपुर अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर प्रदर्शन किया और मृतक के परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग पर अड़ गए। माहौल बिगड़ता देख भारी पुलिस बल तैनात किया गया और प्रशासनिक अधिकारियों ने मोर्चा संभाला।
प्रशासन की समझाइश और पोस्टमार्टम
देर शाम तक चली लंबी वार्ता और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। मेडिकल बोर्ड के माध्यम से शव का पोस्टमार्टम करवाकर सोमवार रात को ही परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। मंगलवार सुबह परिजन गमगीन माहौल में शव को अपने पैतृक गांव ले गए। पुलिस अब इस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर रही है कि थाना परिसर में एसिड तक युवक की पहुंच कैसे हुई।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
