बड़ी कार्रवाई, 8 किलो गांजा और पिस्तौल बरामद

सिरोही। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रोहिड़ा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने एक कार से 8 किलो 160 ग्राम गांजा, एक पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
रोहिड़ा थानाधिकारी अमराराम खोखर के नेतृत्व में पुलिस गश्त पर थी। वाटेरा नदी रपट, वाटेरी माता रोड पर एक बिना नंबर प्लेट की काले रंग की कार संदिग्ध अवस्था में दिखी। कार को रुकवाने पर उसमें सवार युवक मौके से भागने लगे। पुलिस ने चालक सहित एक अन्य व्यक्ति को मौके पर पकड़ लिया, जबकि दो अन्य फरार हो गए। करीब एक घंटे की तलाश के बाद दोनों फरार आरोपियों को भी पकड़ लिया गया।
थानाधिकारी अमराराम खोखर ने बताया कि कार की तलाशी के दौरान चालक यासीन के पास से पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वाहन की पिछली सीट पर रखे कट्टे से लगभग 8 किलो 160 ग्राम गांजा मिला। इसके अलावा भारतीय मनोरंजन चिल्ड्रन बैंक के नोटों की गड्डी भी बरामद हुई है। आरोपियों से नोटों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। सभी बरामद सामग्री को नियमानुसार जब्त कर लिया गया है।
