विश्व नवकार महामंत्र दिवस: 9 अप्रैल को निम्बाहेड़ा में दिवाकर भवन पर होगा सामूहिक जाप

निम्बाहेड़ा।
जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (JITO) द्वारा 9 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को विश्व नवकार महामंत्र दिवस का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर विश्व शांति एवं मानव कल्याण की भावना से भारत सहित 108 देशों के लाखों श्रद्धालु एक साथ नवकार महामंत्र का जाप करेंगे।
जीतो जेटीआर की नेशनल कोर कमेटी के सदस्य कमलेश ढेलावत ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन वैश्विक स्तर पर अभूतपूर्व होगा। कार्यक्रम का 6000 से अधिक स्थानों से सीधा प्रसारण किया जाएगा, वहीं 100 से अधिक स्थानों पर नवकार महामंत्र से जुड़े मेगा इवेंट आयोजित होंगे।
निम्बाहेड़ा में आदर्श कॉलोनी स्थित दिवाकर भवन में 9 अप्रैल को प्रातः 8:01 बजे से 9:36 बजे तक सकल जैन समाज के तत्वावधान में सामूहिक नवकार महामंत्र जाप आयोजित किया जाएगा।
इसके साथ ही नगर के आसपास के कस्बों एवं गांवों—शंभूपुरा, सतखंडा, मांगरोल, अरनोदा, गादोला, बाड़ी, बिनोता एवं लसडावन सहित अन्य क्षेत्रों में भी श्रद्धालु एकत्र होकर सामूहिक जाप करेंगे।
जीतो निम्बाहेड़ा इकाई के सदस्य वीरेश चपलोत, ललित पारख, मनोज पारख, जय सिंघवी, पवन ढेलावत, लोकेश राठौड़, सुरेंद्र मारू, वीरेश बोडाणा एवं के. एम. जैन ने सभी धर्मप्रेमियों से इस पावन, मंगलकारी एवं कल्याणकारी आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है।
