बड़ा फर्जीवाड़ा: देवली CISF में दूसरे की जगह ट्रेनिंग लेने पहुंचा मुन्नाभाई, यूपी का युवक गिरफ्तार

देवली | देवली पुलिस ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के आरटीसी देवली में चल रहे एक बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो किसी अन्य ट्रेनी की जगह फर्जी तरीके से प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) लेकर सरकारी नौकरी हथियाने की फिराक में था।
छुट्टी पर गया असली ट्रेनी नहीं लौटा, फर्जी ने ली एंट्री
थानाधिकारी दौलत राम गुर्जर ने बताया कि छत्तीसगढ़ निवासी आरक्षक (जीडी) ट्रेनी सत्यपाल सिंह फरवरी माह में बेसिक ट्रेनिंग के लिए देवली आरटीसी आया था। कुछ समय बाद सत्यपाल अपनी माता के निधन का हवाला देकर छुट्टी पर चला गया, लेकिन अवकाश समाप्त होने के बाद वह वापस नहीं लौटा।
22 मार्च को खुला राज: शक ने पहुंचाया सलाखों के पीछे
गत 22 मार्च को एक युवक खुद को सत्यपाल सिंह बताकर ट्रेनिंग सेंटर पहुंचा। जब वह परेड और अन्य गतिविधियों में शामिल होने लगा, तो कंपनी स्टाफ और प्लाटून कमांडर को उसके हाव-भाव और पहचान पर संदेह हुआ। दस्तावेजों के गहन मिलान और कड़ाई से पूछताछ के बाद युवक का झूठ पकड़ा गया।
आगरा का शैलेंद्र निकला मुख्य आरोपी
पुलिस जांच में पता चला कि पकड़ा गया युवक आगरा (उत्तर प्रदेश) के नगला जयराम निवासी शैलेंद्र पुत्र राजवीर है। आरोपी ने कबूल किया कि वह एक सोची-समझी साजिश के तहत असली ट्रेनी सत्यपाल की जगह ट्रेनिंग पूरी कर नौकरी पाना चाहता था।
फर्जी दस्तावेज और मोबाइल बरामद
पुलिस ने शैलेंद्र के कब्जे से फर्जी आधार कार्ड, कूट रचित पहचान पत्र और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस खेल में असली ट्रेनी सत्यपाल की क्या भूमिका है और क्या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
