सावधान! राजस्थान में खपाए जा रहे दिल्ली-NCR से चोरी हुए वाहन; अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

मोदीनगर/भीलवाड़ा | राजस्थान में चोरी के वाहनों की बढ़ती खेप को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। गाजियाबाद की स्वाट टीम और मोदीनगर पुलिस ने एक ऐसे शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसने पिछले 10 वर्षों में दिल्ली-एनसीआर से करीब 250 कारें चोरी कर राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात जैसे राज्यों में औने-पौने दामों पर बेची हैं।
राजस्थान के कनेक्शन से पुलिस हैरान
पुलिस की पूछताछ में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि इस गिरोह का मुख्य बाजार राजस्थान रहा है। हाल ही में मोदीनगर से चोरी हुई 'स्कार्पियो एन' को भी आरोपियों ने राजस्थान में ही ठिकाने लगाया है। हालांकि, पुलिस अभी उस वाहन को ट्रेस करने का प्रयास कर रही है। गिरोह के सदस्य महज 3 से 4 लाख रुपये में स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर जैसी लग्जरी गाड़ियां राजस्थान के खरीदारों को बेच देते थे।
मेरठ के सोतीगंज से जुड़े हैं तार
पकड़े गए गिरोह का सरगना हरेंद्र उर्फ हन्नी गुर्जर है, जिसने मेरठ के कुख्यात 'सोतीगंज' बाजार में गाड़ियों के पुर्जे बदलने और इंजन कंट्रोल मॉड्यूल (ECM) हैक करने की ट्रेनिंग ली थी। उसके साथ अमित चौधरी को भी गिरफ्तार किया गया है, जो मुख्य रूप से राजस्थान और अन्य राज्यों में चोरी की गाड़ियों की डिलीवरी देने का काम करता था। अमित ने पिछले 5 साल में करीब 50 गाड़ियों की डिलीवरी सफलतापूर्वक की है।
चोरी का हाईटेक तरीका
यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। पहले ब्रेजा कार से रेकी की जाती, फिर लक्षित कार का शीशा तोड़कर उसका बोनट खोला जाता और तत्काल ईसीएम (ECM) व लॉक बदलकर गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया जाता। पुलिस ने इनके पास से चोरी की स्कार्पियो एन, आई-20, ब्रेजा, फर्जी नंबर प्लेट्स और मास्टर चाबियां बरामद की हैं।
12 सदस्यों का नेटवर्क, राजस्थान पुलिस सतर्क
एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि गिरोह में कुल 12 सदस्य हैं। इस खुलासे के बाद अब राजस्थान पुलिस को भी अलर्ट किया गया है ताकि वहां बेचे गए चोरी के वाहनों की बरामदगी की जा सके। गिरफ्तार आरोपी हरेंद्र पर दिल्ली-एनसीआर में पहले से ही 27 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उन खरीदारों की तलाश कर रही है जिन्होंने जानबूझकर चोरी की गाड़ियां खरीदीं।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
