जयपुर एलिवेटेड रोड पर 9 गाड़ियां भिड़ीं, डेढ़ घंटे तक लगा लंबा जाम

जयपुर शहर के व्यस्त एलिवेटेड रोड पर 22 गोदाम के पास एक के बाद 9 गाड़ियां आपस में भिड़ गई। जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी के अचानक संतुलन खोने से ये हादसा हो गया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
सूचना मिलते ही साउथ थाना पुलिस और ट्रैफिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत स्थिति संभाली और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात को सामान्य किया गया। पुलिस को जाम खुलवाने में करीब एक से डेढ़ घंटे लगे।
22 गोदाम के पास एलिवेटेड रोड पर सोमवार शाम 6 बजे अचानक तेज रफ्तार से आर रही पिकअप अचानक से बेकाबू हो गई। जहां पीछे चल रही गाड़ियों को संभलने का मौका नहीं मिला और एक के बाद एक कई वाहनों के टक्कर होती हुई चली गई। जिससे करीब 9 गाड़ियां आपस में भिड़ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कुछ वाहनों के आगे और पीछे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
इस एलिवेटेड रोड पर रोजाना भारी ट्रैफिक रहता है। एलिवेटेड रोड पर गाड़ियां तेज रफ्तार में चलती हैं। ऐसे में अचानक ब्रेक लगने और टक्कर लगने की वजह से पीछे गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। कुछ ही मिनटों में सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। इस दौरान रोजाना अपडाउन करने वाले लोग जाम में फंस गए। कई वाहन चालकों ने गाड़ियों से उतरकर हालात देखने की कोशिश की।
सात कार, एक ऑटो और एक पिकअप की भिड़ंत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक ब्रेक लगने और तेज गति के चलते पीछे से आ रही गाड़ियां एक-दूसरे से टकरा गईं। इस हादसे में 7 कार, 1 ऑटो, 1 पिकअप वाहन आपस में टकरा गए। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
प्राथमिक जांच में पिकअप चालक की गलती सामने
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा पिकअप चालक की लापरवाही के कारण हुआ। अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रही गाड़ियां नियंत्रित नहीं हो सकीं और एक के बाद एक टकराती चली गईं।हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई।
