बजरी के डंपरों का तांडव: उदयपुर और बूंदी में दो की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम

जयपुर । प्रदेश में बजरी से भरे डंपरों की रफ्तार काल बनकर दौड़ रही है। पिछले 24 घंटों के भीतर उदयपुर और बूंदी जिले में हुए दो अलग-अलग हादसों में बजरी के डंपरों ने दो लोगों को कुचल दिया। दोनों ही घटनाओं के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और शवों को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया गया।
हादसा 1: उदयपुर के बेदला में राहगीर की मौत
उदयपुर शहर से सटे बेदला गांव के खटीकवाड़ा में रविवार दोपहर करीब 1:15 बजे एक भीषण हादसा हुआ। बेदला निवासी सत्यनारायण सोलंकी (45) अपने घर से पैदल बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सापेटिया से फतहपुरा की ओर जा रहे बजरी से भरे एक डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सत्यनारायण की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और नारेबाजी की। सुखेर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश के प्रयास शुरू किए।
हादसा 2: बूंदी में हाईवे किनारे खड़े बच्चे को रौंदा
उधर, बूंदी जिले के हिंडोली थाना क्षेत्र में शनिवार शाम 148-डी मेगा हाईवे पर एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। रामी की झोंपड़ियों गांव के पास हाईवे किनारे खड़े बालक पूरण बैरागी को तेज रफ्तार बजरी भरे ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। अनियंत्रित ट्रक सीधे बच्चे पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया। सूचना पर हिंडोली डीएसपी अजीत मेघवंशी और थानाधिकारी मुकेश यादव जाब्ते के साथ पहुंचे और आरोपी चालक की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है।
दोनों ही मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन बजरी परिवहन में लगे वाहनों की अनियंत्रित गति आमजन के लिए जानलेवा साबित हो रही है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
