चलते कंटेनर में लगी भीषण आग, बोलेरो और कैंपर गाड़ियां लदी थीं, चालक ने कूदकर बचाई जान


बहरोड़/कोटपूतली : नेशनल हाईवे-48 पर आज सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब हरिद्वार से गुजरात जा रहे एक चलते कंटेनर के केबिन में अचानक भीषण आग लग गई। घटना कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ कस्बे के पास दहमी गांव स्थित फ्लाईओवर की है। आग लगते ही कंटेनर चंद मिनटों में आग का गोला बन गया, लेकिन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।

गाड़ियां लदी थीं, केबिन से उठा धुआं

कंटेनर चालक रिजवान ने बताया कि वह हरिद्वार से नई बोलेरो और कैंपर गाड़ियां लोड करके गुजरात के सूरत की ओर जा रहा था। जब कंटेनर एनएच-48 पर दहमी फ्लाईओवर पर चढ़ा, तो उसे अचानक केबिन से धुआं निकलता दिखाई दिया। खतरे को भांपते हुए रिजवान ने तुरंत कंटेनर को सड़क किनारे रोक दिया, लेकिन जैसे ही वह उतरा, केबिन में आग तेजी से भड़क उटी।

कंटेनर बना आग का गोला, लदी गाड़ियां सुरक्षित

देखते ही देखते आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बड़ी बात यह रही कि दमकलकर्मियों ने आग को कंटेनर के पिछले हिस्से तक फैलने से पहले ही बुझा दिया, जिससे कंटेनर के अंदर खड़ी सभी नई बोलेरो और कैंपर गाड़ियां पूरी तरह सुरक्षित बचा ली गईं। हालांकि, कंटेनर का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

हाइवे पर लगा जाम, जांच जारी

फ्लाईओवर पर कंटेनर में आग लगने और दमकल कार्रवाई के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आग बुझने और कंटेनर को साइड में करने के बाद ही यातायात सुचारू हो सका। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

Next Story