संकटमोचन हनुमान मंदिर में जन्मोत्सव की तैयारियां तेज, 2 अप्रैल को लगेगा काजूकतली का महाभोग

भीलवाड़ा । शहर के मुख्य डाकघर के समीप स्थित प्रसिद्ध श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर में हनुमान जयंती महोत्सव को लेकर उत्साह का माहौल है। आगामी 2 अप्रैल को मंदिर के महन्त बाबूगिरीजी महाराज के सानिध्य में आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रमों की तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो गई हैं।
स्वर्ण चोला और 11 किलो का केक
मंदिर ट्रस्टी महावीरप्रसाद अग्रवाल एवं रमेश अग्रवाल ने बताया कि जन्मोत्सव के अवसर पर हनुमानजी महाराज की प्रतिमा को विशेष रूप से स्वर्ण चोला चढ़ाया जाएगा। मंदिर परिसर को मनमोहक फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया जा रहा है। उत्सव का मुख्य आकर्षण दोपहर 12:15 बजे होने वाली महाआरती होगी, जिसके पश्चात प्रभु को काजूकतली का महाभोग लगाया जाएगा। इस खास मौके पर हनुमानजी के जन्मोत्सव की खुशी में 11 किलो का केक भी काटा जाएगा।
भजन संध्या और विशेष सजावट
धार्मिक कार्यक्रमों की कड़ी में रात्रि 8 बजे से श्री बालाजी सत्संग मण्डल द्वारा संगीतमय सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा। आयोजन को भव्य रूप देने के लिए नगर परिषद चौराहे से लेकर गोलप्याउ चौराहे तक विशेष विद्युत सजावट की जा रही है। आयोजन की सफलता के लिए भक्तगणों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। महाआरती के बाद भक्तों में महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
