चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में यात्री का पैर फिसला, ट्रेन की चपेट में आने से कटा पैर

अजमेर। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में एक यात्री का पैर फिसल गया, जिससे वह ट्रेन की चपेट में आ गया। इस हादसे में युवक का एक पैर कट गया है। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और घायल को जेएलएन अस्पताल में भर्ती करवाया।
जीआरपी थाने के एएसआई महावीर प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार को प्लेटफार्म नंबर एक पर पोरबंदर एक्सप्रेस ट्रेन पहुंची थी। इसी दौरान करीब 32 वर्षीय एक अज्ञात युवक चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहा था। तभी उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन के नीचे गिर गया।
हादसे की सूचना पर तुरंत जीआरपी और आरपीएफ मौके पर पहुंची तो देखा कि युवक ट्रेन के नीचे पड़ा हुआ था। जवानों ने राहगीरों की मदद से उसे बाहर निकाला। पूछताछ करने पर गंभीर रूप से घायल युवक ने अपनी कोई जानकारी नहीं दी है। एंबुलेंस के जरिए उसे जेएलएन अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जीआरपी थाना पुलिस फिलहाल युवक की पहचान करने के साथ-साथ मामले की गहनता से जांच कर रही है।
