नई अदालत की सुविधाओं को लेकर वकीलों का आंदोलन तेज, हजारों मामलों की सुनवाई प्रभावित

नई अदालत की सुविधाओं को लेकर वकीलों का आंदोलन तेज, हजारों मामलों की सुनवाई प्रभावित
X

अजमेर। जिला अदालत के नव-निर्मित भवन में अधिवक्ताओं के बैठने सहित मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर वकीलों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। जिला बार एसोसिएशन के आंदोलन को अब राजस्व बार एसोसिएशन का भी समर्थन मिल गया है, जिससे आंदोलन और अधिक तेज हो गया है।

अधिवक्ताओं की ओर से पूर्ण कार्य बहिष्कार किया जा रहा है। शनिवार को भी वकीलों ने जिला अदालत के पुराने भवन से रैली निकालकर नए भवन तक मार्च किया और वहां जोरदार विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के चलते न्यायिक कार्य पूरी तरह ठप बना हुआ है।

स्थिति यह है कि जिला अदालत में अब तक करीब 10 हजार मुकदमों की सुनवाई प्रभावित हो चुकी है। पक्षकारों को केवल अगली तारीखें दी जा रही हैं। जमानत और स्थगन आदेश से जुड़े मामलों में भी सुनवाई नहीं हो पा रही है। वहीं राजस्व मंडल में बीते दो दिनों में करीब 5000 प्रकरणों में सिर्फ तारीखें बदली गई हैं।

जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉक्टर योगेंद्र ओझा और सचिव रूपेंद्र कुमार परिहार ने कहा कि जब तक बार की 14 सूत्री मांगों पर कोई सम्मानजनक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक अधिवक्ता न्यायालय में प्रवेश तक नहीं करेंगे।

Tags

Next Story