10 लाख रुपये की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार


अलवर। । खैरथल तिजारा जिले अंतर्गत भिवाड़ी में साइबर फ्रॉड के मामलों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना भिवाड़ी फेज तृतीय पुलिस ने 10 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने परिवार के सदस्य का बीमा क्लेम दिलाने के नाम पर ओटीपी प्राप्त कर बैंक खाते से 10 लाख रुपये की राशि हड़प ली थी।

थाना प्रभारी राजा राम ने बताया कि पुलिस अधीक्षक जिला खैरथल-तिजारा के निर्देशन में थानाधिकारी भिवाड़ी फेज तृतीय के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान व डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।

पीड़ित सुभाष पुत्र श्याम लाल ने 2 अप्रैल 2023 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि अज्ञात व्यक्ति ने बैंक अधिकारी बनकर फोन किया और बीमा क्लेम दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने व्हाट्सएप पर फर्जी दस्तावेज भेजकर विश्वास में लिया और ओटीपी प्राप्त कर लिया। इसके बाद 1 अप्रैल 2023 को अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से करीब 10 लाख रुपये खाते से निकाल लिए गए। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने बैंक से संपर्क कर खाता ब्लॉक कराया और थाने में मामला दर्ज कराया।

प्रकरण संख्या 102/2023 धारा 379 आईपीसी व 66(सी) आईटी एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने डिजिटल तकनीक, बैंकिंग ट्रेल और खातों के विश्लेषण के आधार पर आरोपी अनुज यादव पुत्र भूरे सिंह यादव (23 वर्ष), निवासी राणा पार्क के पास रांझी, थाना रांझी, जिला जबलपुर (मध्यप्रदेश) को चिन्हित किया। आरोपी के बैंक खाते में ठगी की राशि अलग-अलग किस्तों में ट्रांसफर होना पाया गया। पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।

Next Story