मासूम पर एक श्‍वान ने क‍िया अचानक हमला, गंभीर घायल

अलवर। खैरथल-तिजारा जिले के माचा गांव में आज शाम घर के बाहर खड़े 4 वर्षीय मासूम पर एक पागल श्‍वान ने अचानक हमला कर दिया। बच्चे को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। घटना के समय बच्चे की मां पास में ही मौजूद थी, लेकिन श्‍वान की आक्रामकता के चलते वह कुछ नहीं कर सकी। पागल कुत्ते के हमले में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। कुत्ते ने बच्चे की दोनों आंखों के ऊपर सिर पर भयंकर घाव कर दिए, वहीं एक हाथ की उंगलियों और दूसरे हाथ की बाजू पर भी बुरी तरह नोच लिया। करीब 30 सेकंड तक श्‍वान ने बच्चे को अपने जबड़े में दबाकर रखा मां की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को श्‍वान से छुड़वाया। खून से लथपथ हालत में घायल बालक को परिजन पहले किशनगढ़ बास अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में बच्चे के सिर में कुल सात टांके लगाए गए हैं। इसके अलावा पलकों, हाथ की उंगलियों और बाजू पर भी कई टांके आए हैं। फिलहाल मासूम का इलाज अलवर जिला अस्पताल में जारी है। घायल बच्चे के चाचा मुबारिक ने बताया कि बच्चा असवाल पुत्र राहुल शाम करीब 6 बजे घर के बाहर खड़ा था, तभी अचानक एक पागल श्‍वान और हमला कर बच्चे को करीब 100 मीटर तक घसीट ले गया। श्‍वान अब तक पकड़ में नहीं आया है और गांव में खुलेआम घूम रहा है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

Tags

Next Story