कपड़ा फैक्ट्री में बड़ा हादसा, जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत

X

बालोतरा। औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कपड़ा फैक्ट्री में शुक्रवार को उस वक्त कोहराम मच गया, जब स्लज टैंक की सफाई के दौरान तीन मजदूरों की जहरीली गैस के कारण मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों मजदूर फैक्ट्री के भीतर बने स्लज टैंक की सफाई के लिए नीचे उतरे थे। इसी दौरान टैंक में जमा अत्यधिक जहरीली गैस के रिसाव के कारण वे अचेत होकर वहीं गिर पड़े। मौके पर मौजूद अन्य श्रमिकों ने आनन-फानन में उन्हें बाहर निकाला और तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

प्रशासनिक अमला पहुंचा अस्पताल

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम और डीएसपी भारी पुलिस जाब्ते के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली। मृतकों के परिजनों के अस्पताल पहुंचने के बाद वहां का माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जहां उनका पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।

जांच में जुटा प्रशासन

प्रशासनिक अधिकारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन से सुरक्षा मानकों को लेकर कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण टैंक में मौजूद जहरीली गैस ही माना जा रहा है। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि क्या सफाई के दौरान मजदूरों के पास सुरक्षा उपकरण मौजूद थे या नहीं।

Next Story