बांसवाड़ा में भाजपा की बड़ी जीत, कांग्रेस को झटका!

बांसवाड़ा । घाटोल पंचायत समिति के वार्ड एक में हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार जीत दर्ज कर राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है। रविवार को संपन्न हुए उपचुनाव में भाजपा के कीर्तिश भोई ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी, भारत आदिवासी पार्टी (बाप) के सुरेश कुमार बरगोट को 501 वोटों के भारी अंतर से हराया। कांग्रेस के प्रताप भाई तीसरे स्थान पर रहे। इस जीत को न केवल भाजपा के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, बल्कि यह पार्टी के जिला अध्यक्ष पूंजीलाल गायरी की संगठनात्मक दक्षता और क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ का प्रत्यक्ष प्रमाण भी है। बांसवाड़ा जिले के घाटोल में पंचायत समिति के उपचुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है। घाटोल पंचायत समिति के वार्ड 1 में भाजपा प्रत्याशी कीर्तिश भोई को 1310 वोट मिले, जबकि बाप पार्टी के प्रत्याशी को 809 वोट प्राप्त हुए। कांग्रेस को मात्र 766 वोट मिले और 36 मतदाताओं ने नोटा (NOTA) का विकल्प चुना। भाजपा की जीत के बाद, जिलाध्यक्ष पूंजीलाल गायरी सहित पार्टी पदाधिकारियों ने प्रत्याशी कीर्तिश भोई को माला पहनाकर उनका स्वागत किया। जीत की घोषणा होते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। ढोल-नगाड़ों और पटाखों के साथ कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया और "पूंजीलाल गायरी जिंदाबाद" के नारे गूंजने लगे। इस परिणाम ने निश्चित रूप से क्षेत्र में राजनीतिक समीकरणों को बदल दिया है।