कलेक्टर टीना डाबी के बंगले में घुसा 5 फीट लंबा कोबरा, मचा हड़कंप

टोंक। जिला कलेक्टर टीना डाबी के सरकारी आवास पर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वहां एक 5 फीट लंबा जहरीला कोबरा सांप निकल आया। सांप को सबसे पहले कलेक्टर के निजी सहायक ने देखा, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना सिविल डिफेंस को दी गई।
सूचना मिलते ही वन्यजीव प्रेमी गालिब खान तत्काल मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि यह कोबरा 'नाजा' प्रजाति का था और बेहद जहरीला था। रेस्क्यू के दौरान सांप करीब 20 मिनट तक फन फैलाकर बैठा रहा, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों में दहशत फैल गई। गालिब खान ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित पकड़ लिया और बाद में उसे जंगल में छोड़ दिया गया।
राहत की बात यह रही कि घटना के समय कलेक्टर टीना डाबी बंगले पर मौजूद नहीं थीं। गालिब ने बताया कि सांप ने किसी जानवर का शिकार किया हुआ था, जिसके कारण वह शुरुआत में सुस्त था, लेकिन रेस्क्यू के समय वह काफी फुर्तीला हो गया। मौसम में हो रहे बदलाव के कारण अक्सर सरीसृप अपने बिलों से बाहर निकल रहे हैं।
