सरपंच के बेटे ने ट्रैक्टर ट्रॉली के हुक से फंदा लगाकर की जीवनलीला समाप्त

सरपंच के बेटे ने ट्रैक्टर ट्रॉली के हुक से फंदा लगाकर की जीवनलीला समाप्त
X

बांसवाड़ा। जिले के मोटागांव थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नागवाला गांव के एक खेत में सरपंच के बेटे का शव ट्रैक्टर ट्रॉली से लटका मिला। युवक ने सुसाइड करने के लिए ट्रॉली के हाइड्रोलिक सिस्टम का इस्तेमाल किया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मोटागांव थानाधिकारी रमेशचंद्र पाटीदार ने बताया कि टापरातलाई गांव के अमर सिंह गड़ा सरपंच प्रेमशंकर भगोरा का 26 वर्षीय पुत्र गणेश लाल शुक्रवार शाम को घर से ट्रैक्टर लेकर निकला था। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। शनिवार सुबह करीब 9 बजे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि नागवाला के एक खेत में ट्रैक्टर खड़ा है और उसकी ट्रॉली से एक युवक का शव लटका हुआ है।

हाइड्रोलिक से ट्रॉली ऊंची कर लगाया फंदा

जांच में सामने आया कि गणेश ने ट्रॉली को हाइड्रोलिक के जरिए ऊंचा किया और फिर उसके हुक में रस्सी बांधकर फंदा लगा लिया। मौके पर पहुंची पुलिस को वहां से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मृतक गणेश शादीशुदा था और उसका एक बेटा भी है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। थानाधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का ही लग रहा है, हालांकि आत्मघाती कदम उठाने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पुलिस हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है।

Tags

Next Story