गैस सिलेंडर डिलीवरी पिकअप ने ली ग्रामीण की जान: मुआवजे की मांग को लेकर ब्यावर रोड पर लगा जाम

गैस सिलेंडर डिलीवरी पिकअप ने ली ग्रामीण की जान: मुआवजे की मांग को लेकर ब्यावर रोड पर लगा जाम
X

बिजयनगर (ब्यावर)। बिजयनगर के निकटवर्ती ग्राम आसान में आज एक हृदयविदारक हादसा हो गया, जहां गैस सिलेंडर सप्लाई करने आई एक पिकअप की चपेट में आने से एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर चक्काजाम कर दिया।

लापरवाही ने उजाड़ा परिवार

जानकारी के अनुसार, आसान गांव निवासी रामस्वरूप जांगिड़ घर के लिए गैस सिलेंडर लेने गए थे। वे पिकअप के पास खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, तभी चालक ने लापरवाही से वाहन को पीछे (रिवर्स) ले लिया। रामस्वरूप कुछ संभल पाते, उससे पहले ही वे भारी भरकम पिकअप के नीचे दब गए। आनन-फानन में लहूलुहान हालत में उन्हें राजकीय उपजिला चिकित्सालय बिजयनगर ले जाया गया, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

सड़क पर उतरा ग्रामीणों का गुस्सा

रामस्वरूप की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल के बाहर जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने उचित मुआवजे और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर ब्यावर रोड पर जाम लगा दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही बिजयनगर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और समझाइश कर जाम खुलवाया।

फिलहाल, मृतक का शव अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं और बिना उचित आश्वासन के पोस्टमार्टम न कराने की बात कह रहे हैं। पुलिस प्रशासन स्थिति को संभालने और परिजनों को शांत करने के प्रयास में जुटा है।

Tags

Next Story