एसीबी की बड़ी कार्रवाई: गंगापुर सिटी बीसीएमओ 25 हजार रुपए की घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

सवाई माधोपुर ( हलचल)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सोमवार को स्वास्थ्य विभाग में बड़ी कार्रवाई करते हुए गंगापुर सिटी के ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (BCMO) बत्ती लाल को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी ने एक कर्मचारी को डेपुटेशन (प्रतिनियुक्ति) स्थल के बजाय उसके मूल पदस्थापन स्थान पर भेजने की एवज में इस राशि की मांग की थी।
ट्रांसफर के नाम पर मांगी थी 30 हजार की रिश्वत
एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) ज्ञान सिंह चौधरी ने बताया कि सवाई माधोपुर चौकी को एक परिवादी ने शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बीसीएमओ बत्ती लाल उसे उसके मूल पदस्थापन स्थान पर फिर से लगाने के बदले 30 हजार रुपए की मांग कर रहे हैं और परेशान कर रहे हैं। एसीबी ने जब शिकायत का गोपनीय सत्यापन करवाया, तो रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई।
एसीबी ने जाल बिछाकर किया ट्रैप
सत्यापन के दौरान ही आरोपी ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 5 हजार रुपए ले लिए थे। शेष 25 हजार रुपए की राशि सोमवार को लेना तय हुआ था। योजना के अनुसार, एसीबी भरतपुर रेंज के डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह और एएसपी ज्ञान सिंह चौधरी के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही परिवादी ने आरोपी बीसीएमओ को 25 हजार रुपए थमाए, टीम ने दबिश देकर उसे मौके पर ही दबोच लिया।
एसीबी की टीम फिलहाल आरोपी के आवास और अन्य ठिकानों पर तलाशी ले रही है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
