जयपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, ऑनलाइन गेमिंग सट्टा मॉड्यूल का खुलासा, 5 साइबर अपराधी गिरफ्तार

जयपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, ऑनलाइन गेमिंग सट्टा मॉड्यूल का खुलासा, 5 साइबर अपराधी गिरफ्तार
X

जयपुर। जयपुर पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग सट्टा मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। चित्रकूट थाना पुलिस को कार्रवाई के दौरान करोड़ों रुपये के साइबर फ्रॉड से जुड़े डिजिटल सबूत मिले हैं। मामले में विदेशी लिंक की भी जांच की जा रही है और आरोपियों के तार यूएई व नेपाल में बैठे संचालकों से जुड़े पाए गए हैं।

डीसीपी (वेस्ट) हनुमान प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अनूप पारीक (22) निवासी परबतसर नागौर, अब्दुल करीम (25) निवासी बड़ी खाटू नागौर, सिद्धार्थ पारीक (22) निवासी सुजानगढ़ चूरू, श्रवण कुमार (25) निवासी डेगाना नागौर और सुनील कुमार (26) निवासी बड़ी खाटू नागौर शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 83 हजार रुपये नकद, 11 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक आईपैड, नौ बैंक पासबुक, 12 एटीएम कार्ड और तीन क्रेडिट कार्ड जब्त किए हैं।

साइबर टीम की जांच में एक संगठित अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन सट्टा गिरोह का खुलासा हुआ। सर्विलांस, डिजिटल फॉरेंसिक विश्लेषण और वित्तीय लेनदेन की गहन पड़ताल के बाद यह कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि गिरोह के संचालकों से यूनाइटेड अरब अमीरात और नेपाल से संपर्क स्थापित था। पुलिस को करोड़ों रुपये की साइबर ठगी से जुड़े अहम डिजिटल साक्ष्य भी प्राप्त हुए हैं।

Next Story