प्रतापगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 6 करोड़ की ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

प्रतापगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 6 करोड़ की ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार
X

प्रतापगढ़। जिले की अरनोद थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 6 करोड़ रुपये अंतरराष्ट्रीय मूल्य की ब्राउन शुगर जब्त की है। पुलिस ने इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ और उसमें मिलाया जाने वाला संदिग्ध केमिकल पाउडर भी बरामद किया है।

नाकाबंदी देख भागने की कोशिश, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

प्रतापगढ़ एसपी बी. आदित्य ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे अरनोद थाना पुलिस की टीम अरनोद-प्रतापगढ़ रोड स्थित राधा स्वामी सत्संग आश्रम तिराहे पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान अरनोद की ओर से एक बाइक सवार आता दिखाई दिया। सड़क पर पुलिस का जाब्ता देखकर युवक सकपका गया और बाइक घुमाकर वापस भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा किया और घेराबंदी कर युवक को दबोच लिया।

बैग की तलाशी में निकला करोड़ों का नशा

पकड़े गए आरोपी की पहचान अरनोद निवासी नारायण (48) के रूप में हुई। आरोपी के पास मौजूद काले रंग के लेदर बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें 6 काली पॉलीथिन में ब्राउन शुगर और 4 पॉलीथिन में केमिकल पाउडर पाया गया। पुलिस ने जब मादक पदार्थ का वजन कराया, तो 2 किलो 708.6 ग्राम शुद्ध ब्राउन शुगर और 1 किलो 723.2 ग्राम केमिकल पाउडर बरामद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में 6 करोड़ कीमत

पुलिस के अनुसार जब्त की गई ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 6 करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोपी ब्राउन शुगर की मात्रा बढ़ाने के लिए इसमें केमिकल पाउडर मिलाने की फिराक में था। फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि आरोपी यह खेप कहाँ से लाया था और इसकी सप्लाई कहाँ की जानी थी।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455

Next Story