उदयपुर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: मांडवा थानाधिकारी और कॉन्स्टेबल 8 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

उदयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने रविवार को खाकी को दागदार करने वाले एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए उदयपुर के मांडवा थानाधिकारी और एक कॉन्स्टेबल को 8 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह भारी-भरकम राशि एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के एक मामले में चार व्यक्तियों को आरोपी नहीं बनाने की एवज में ली जा रही थी।
20 लाख की थी डिमांड, 8 लाख लेते दबोचे
एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि ब्यूरो को शिकायत प्राप्त हुई थी कि मांडवा थाने में दर्ज एक प्रकरण में कुछ लोगों के नाम निकालने और उन्हें आरोपी नहीं बनाने के बदले मोटी रकम की मांग की जा रही है। जानकारी के अनुसार, थानाधिकारी निर्मल कुमार खत्री ने प्रति व्यक्ति 5 लाख रुपए के हिसाब से कुल 20 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। सौदेबाजी के बाद रिश्वत की किश्त लेते हुए एसीबी ने जाल बिछाया।
एसीबी टीम की घेराबंदी
एसीबी डीआईजी रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में उदयपुर एसीबी थानाधिकारी सोनू शेखावत के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने मांडवा थानाधिकारी निर्मल कुमार खत्री और कॉन्स्टेबल भालाराम को 8 लाख रुपए की नकद राशि स्वीकार करते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। एसीबी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। फिलहाल ब्यूरो की टीमें आरोपियों के आवास व अन्य ठिकानों पर तलाशी ले रही हैं।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
