जयपुर–किशनगढ़ हाईवे पर फिर होंगे बड़े काम, बनेंगे 9 नए ओवरब्रिज और सर्विस लेन

अजमेर । जयपुर से किशनगढ़ के बीच 6 लेन नेशनल हाईवे पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने बड़ा कदम उठाया है। अथॉरिटी ने इस मार्ग पर 9 नए ओवरब्रिज बनाने का निर्णय लिया है। साथ ही, हाईवे के दोनों ओर सर्विस लेन भी बनाई जाएंगी ताकि स्थानीय और छोटे वाहनों का आवागमन सुगम हो सके।
करीब **90 किमी लंबे इस खंड पर होने वाले निर्माण कार्यों पर 800 से 1000 करोड़ रुपये तक खर्च** आने का अनुमान है। इसके लिए DPR तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और संभावना जताई जा रही है कि इस साल के अंत तक टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
गौरतलब है कि इस हाईवे पर **प्रतिदिन करीब एक लाख वाहन** आवाजाही करते हैं। हाल ही में यहां 10 नए ओवरब्रिज बनाए गए थे और अंतिम ओवरब्रिज इसी साल अप्रैल में पूरा हुआ था, लेकिन ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ने से अब फिर से नए ढांचे खड़े करने की तैयारी की जा रही है।
