एग्जाम देने जा रही छात्रा से दरिंदगी करने वाला पकड़ा:गला दबाकर की थी हत्या; शव का तीसरे दिन भी नहीं हुआ पोस्टमॉर्टम

बीकानेर। बीकानेर के एक गांव में आठवीं बोर्ड परीक्षा देने जा रही 13 वर्षीय बालिका की हत्या के मामले में पुलिस एक युवक को डिटेन किया है। आरोपी ने पूछताछ में छात्रा की गला दबाकर हत्या करना स्वीकार किया है।
पुलिस ने छात्रा से दुष्कर्म की भी आशंका जताई है, लेकिन मौत से पहले हुआ या बाद में, इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही होगी। फिलहाल पुलिस मामले में ज्यादा कुछ बताने से बच रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुलासा किया जाएगा।
SP कावेंद्र सिंह सागर ने बताया- 21 फरवरी को 13 वर्षीय बालिका अपने घर से ढाणी होते हुए आठवीं बोर्ड की परीक्षा देने जा रही थी। दोपहर 12:15 बजे घर से निकली थी। करीब 1:46 बजे स्कूल प्रशासन से सूचना आई कि वह स्कूल नहीं पहुंची है। इसके बाद हम लोगों ने तलाश शुरू कर दी। थोड़ी दूर पहुंचे तो बच्ची का शव अर्द्धनग्न हाल में पड़ा था।
जांच में सामने आया कि रास्ते में आरोपी युवक ने छात्रा को जबरन रोक लिया। विरोध करने पर उसने बालिका का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आशंका है कि घटना के दौरान दुष्कर्म भी किया गया।
SP कावेंद्र सिंह सागर ने बताया- जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में युवक घटना वाले दिन 21 फरवरी को सुबह करीब 12:15 बजे क्षेत्र में जाता हुआ और दोपहर करीब 1 से 1:30 बजे के बीच लौटता हुआ नजर आया।
प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने खेत में काम से जाने की बात कही, लेकिन पुलिस ने घटनास्थल और खेत की दूरी का मिलान किया।
अनुमान के मुताबिक वह कुछ ही मिनटों में वापस आ सकता था, लेकिन वह काफी देर बाद लौटा। इस पर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसके बाद उसने वारदात करना कबूल कर लिया।
संदिग्ध युवक को दो दिन की पूछताछ के बाद सोमवार को डिटेन किया गया। इधर, मुआवजे और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन-ग्रामीण हॉस्पिटल में धरने पर बैठे हैं। अभी तक शव का पोस्टमॉर्टम नहीं हो पाया है।
