विदेशी टूरिस्ट ट्रेवलर से टकराई बाइक, पांच वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत

पाली। पाली जिले के रोहट थाना क्षेत्र में हाईवे पर रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आगे चल रही विदेशी टूरिस्ट ट्रेवलर में पीछे से आ रही बाइक जा घुसी, जिससे पांच साल के मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और भाई घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार रोहट थाना इलाके के बांडाई पुल के पास यह हादसा उस समय हुआ जब टूरिस्ट ट्रेवलर के सामने अचानक नीलगाय आ जाने से चालक ने ब्रेक लगा दिए। पीछे आ रही बाइक समय पर नहीं रुक सकी और ट्रेवलर से टकरा गई।
रोहट थाने के एएसआई रिडमल ने बताया कि हादसे में बाइक सवार यशवीर पुत्र प्रेम सिंह (5) निवासी सांगरिया, जोधपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके पिता प्रेम सिंह (40), मां टीना कंवर (36) और भाई देवेंद्र सिंह (11) घायल हो गए।
हादसे के बाद टूरिस्ट ट्रेवलर चालक ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतक मासूम का शव पाली के बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
