स्पीड ब्रेकर पर उछल कर बाइक सवार महिला की मौत

अलवर। अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार शाम अलवर-दिल्ली हाईवे पर बालोत नगर के पास बने स्पीड ब्रेकर पर बाइक उछलने से महिला सड़क पर सिर के बल गिर पड़ी जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना शनिवार की शाम करीब 7 बजे बीजवा निवासी हसीना अपने भतीजे अरसद खान के साथ बाइक पर बैठकर नंगली सहजपुर अपनी बहन से मिलने जा रही थी। बताया गया है कि उसकी बहन के पति का हाल ही में निधन हो गया था और वह इद्दत(गम) पर बैठी हुई थी, जिससे मिलने के लिए हसीना घर से निकली थी।

परिजनों के अनुसार बाइक तेज रफ्तार में थी। हसीना ने रास्ते में कई बार धीरे चलाने को कहा, लेकिन बालोत नगर हाईवे पर स्पीड ब्रेकर पार करते समय बाइक उछल गई और वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन तुरंत उसे रामगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए अलवर रेफर कर दिया। लेकिन अलवर ले जाते समय रास्ते में ही हसीना ने दम तोड़ दिया।

रात में पुलिस ने शव को रामगढ़ उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मृतका के पति सुबेदीन निवासी बीजवा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हसीना अपने पीछे पांच मासूम बच्चों को छोड़ गई है—दो बेटियां और तीन बेटे। बड़ा बेटा आमिर 15 साल का है, जबकि सबसे छोटी बेटी आलिया महज 3 साल की है। सुबेदीन अलवर बुर्जा के पास एक फैक्ट्री में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मां की अचानक मौत से बच्चों के सिर से साया उठ गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Next Story